NEWS: जीरन में जनता की चौखट पर पहुंचा प्रशासन, जन विश्वास शिविर में सुनीं समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश, पढ़े खबर
विधायक दिलीप सिंह परिहार बोले—समय सीमा में हों नागरिकों के काम
जीरन। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद जीरन द्वारा वार्ड क्रमांक 2 स्थित चीताखेड़ा दरवाजा सामुदायिक भवन में विशेष जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा। शिविर की अध्यक्षता नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने की, जबकि क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शिविर में उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद नगर परिषद परिवार की ओर से विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया गया।
जनता और प्रशासन के बीच दूरी कम करना अभियान का उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है। नागरिकों को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उनके प्रकरण निर्धारित समय सीमा में निराकृत हों, यही अभियान की भावना है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

मौके पर कई मामलों का किया गया निराकरण
शिविर में नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, स्वच्छता, नल कनेक्शन एवं राजस्व से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर नागरिक पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को अतिथियों द्वारा स्वीकृति पत्र एवं लाभ सामग्री का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

समापन के बाद स्वल्पाहार की व्यवस्था
कार्यक्रम के समापन के पश्चात नगर परिषद जीरन की ओर से अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। सभी ने आपसी सौहार्द और आत्मीय वातावरण में स्वल्पाहार ग्रहण किया।