BIG BREAKING: हाईवे पर 3000 लीटर संदिग्ध केमिकल से भरी पिकअप पकड़ी, पुलिस के छापे से मचा हड़कंप... 7 मामलों वाला आरोपी फिर आया रडार पर, पढ़े खबर
चित्तौड़गढ़: जिले में डीएसटी और मंगलवाड़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेशनल हाईवे-48 पर बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करीब 3000 लीटर संदिग्ध केमिकल लिक्विड डिटर्जेंट बरामद कर वाहन सहित जब्त कर लिया। चालक मौके पर केमिकल के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और लाइसेंस पेश नहीं कर सका, जिसके चलते पुलिस को इसके चोरी या अवैध होने की आशंका है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि एएसपी गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन और डीएसपी हरिश्चन्द्र सिंह के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली थी कि सतनाम होटल, रातीमंगरी के सामने एक संदिग्ध पिकअप खड़ी है। सूचना पर मंगलवाड़ थाना प्रभारी भवानी शंकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने पिकअप चालक संजय जैन (45) निवासी मंगलवाड़ से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 12 प्लास्टिक ड्रम (2 पीले और 10 नीले) मिले। प्रत्येक ड्रम में करीब 250 लीटर केमिकल लिक्विड भरा था। चालक ने इसे साबुन बनाने का केमिकल बताया, लेकिन कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने करीब 3000 लीटर संदिग्ध केमिकल लिक्विड डिटर्जेंट और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल कहां से लाया गया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय जैन के खिलाफ पहले से 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं। इस कार्रवाई को डीएसटी और मंगलवाड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
