CRIME ALERT: आधी रात का खौफ, नीमच की इस कॉलोनी में आखिर कौन रख रहा है बंद मकानों पर नजर ?, 48 घंटे में फिर चटके ताले !,अंधेरे का फायदा या किसी जानकार की रेकी ?,खामोश गलियों में दहशत की दस्तक !,पढ़े राजू नागदा "दास्सा" की ये खबर
आधी रात का खौफ, नीमच की इस कॉलोनी में आखिर कौन रख रहा है बंद मकानों पर नजर ?, 48 घंटे में फिर चटके ताले !,अंधेरे का फायदा या किसी जानकार की रेकी ?,खामोश गलियों में दहशत की दस्तक!
नीमच। उपनगर बघाना क्षेत्र से सटी धनेरिया रोड स्थित गोकुलधाम कॉलोनी इन दिनों बदमाशों के निशाने पर है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों से रहवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। दो दिन पूर्व हुई घटना की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि बदमाशों ने उसी गली में एक और सूने मकान को निशाना बना लिया।
पटेल स्कूल के पीछे फिर टूटे ताले-
जानकारी के अनुसार, विगत गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात पटेल स्कूल के पीछे वाली गली में बदमाशों ने एक किराए के सूने मकान का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया। हालांकि, स्थानीय रहवासियों की सतर्कता और जाग जाने के कारण बदमाश अन्य मकानों में घुसने में असफल रहे।
राजू कनोजिया के घर खंगाली पलंग पेटी-
इस वारदात के ठीक दो दिन बाद उसी गली में बदमाशों ने राजू कनोजिया के सूने मकान पर धावा बोला। यहां भी मुख्य द्वार का ताला चटकाकर भीतर घुसे बदमाशों ने अलमारी और पलंग पेटी को तोड़कर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। गनीमत रही कि घर में कोई कीमती सामान या नकदी नहीं थी, जिससे बदमाशों को खाली हाथ ही भागना पड़ा।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग-
मात्र दो-तीन दिनों के अंतराल में लगातार हुई इन वारदातों से कॉलोनीवासियों में गहरा आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धनेरिया रोड व गोकुलधाम कॉलोनी में पुलिस की नियमित रात्रि गश्त तत्काल बढ़ाई जाए।