BIG NEWS:दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का बड़ा उलटफेर, बीजेपी को 6,016 वोटों से हराकर घनश्याम सिंह बने विधायक, दतिया सीट कांग्रेस के खाते में, पढ़े खबर
दतिया। मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम सोमवार को घोषित हो गया। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। 30 जुलाई को हुए मतदान में विधानसभा क्षेत्र में 71.44 प्रतिशत मतदान हुआ था।

दतिया सीट पर इस बार मुकाबला बेहद प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा था। कांग्रेस और भाजपा के अलावा आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव सहित कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतगणना के दौरान शुरुआती रुझानों से ही कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह बढ़त बनाए रहे और अंततः निर्णायक जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचने में सफल रहे।

उपचुनाव की वजह
दतिया विधानसभा सीट वर्ष 2023 में कांग्रेस के खाते में गई थी, जब राजेंद्र भारती ने भाजपा के दिग्गज नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को पराजित किया था। बाद में अप्रैल 2026 में एक आपराधिक मामले में अदालत द्वारा तीन वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव कराया।

राजनीतिक संदेश
दतिया उपचुनाव के नतीजे को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस ने अपनी सीट बचाने में सफलता हासिल की, वहीं भाजपा को इस हाई-प्रोफाइल चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस परिणाम के बाद प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण और रणनीतियों पर चर्चा तेज हो सकती है। साथ ही यह चुनाव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान भी माना जा रहा था।
