BIG NEWS: पावर ग्रिड का अनुभव बना ‘मामा गैंग’ का हथियार! पहले खोजे सुनसान टावर, फिर रात में काटे हाई ट्रांसमिशन तार, CCTV और BTS डेटा से खुला 1 करोड़ की चोरी का राज, पढ़े खबर
बोलेरो पिकअप और स्कॉर्पियो जब्त
भीलवाड़ा। बनेड़ा थाना पुलिस ने हाई ट्रांसमिशन लाइन से करोड़ों रुपये का तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान इलाकों में लगे हाई ट्रांसमिशन टावरों की रेकी करने के बाद रात के समय तार काटकर ले जाते थे। मामले में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की है।

बनेड़ा थाना क्षेत्र के राक्षी, मेघरास और सादास इलाके में ब्यावर-मंदसौर 765 केवी लाइन से करीब 2080 मीटर हाई ट्रांसमिशन तार काटकर चोरी किया गया था। चोरी किए गए तार की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य में लगे सहायक प्रबंधक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

CCTV और BTS डेटा ने पहुंचाया गिरोह तक
शाहपुरा जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल एवं पुलिस उप अधीक्षक नाना लाल सालवी की देखरेख में बनेड़ा थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जांच के दौरान BTS डेटा, सैकड़ों CCTV फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पावर ग्रिड में काम का अनुभव, फिर तार चोरी का खेल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्यों को पूर्व में पावर ग्रिड में काम करने का अनुभव था। इसी अनुभव का इस्तेमाल करते हुए आरोपी सैटेलाइट मैप के जरिए सुनसान स्थानों पर लगे टावरों की पहचान करते और उनकी रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में टावरों पर चढ़कर आरी और फंडर की मदद से हाई ट्रांसमिशन तार काटकर चोरी कर लेते थे।

रेकी के लिए स्कॉर्पियो, माल ढोने के लिए पिकअप
पुलिस के मुताबिक गिरोह वारदात से पहले स्कॉर्पियो से इलाके की रेकी करता था। तार काटने के बाद उसे महिंद्रा बोलेरो पिकअप में भरकर मौके से ले जाया जाता था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश काजला जाट (33), राकेश पुत्र शंकरलाल रोलाण जाट (24), संदीप लाम्बा पुत्र राजेंद्र प्रसाद लाम्बा जाट (24), नितिन सैन पुत्र सुरज्ञान सैन (23), राकेश कुमार पुत्र रामकुमार स्वामी (27), महिपाल पुत्र रामेश्वर लाल जाट (32) और मनोज कुमार पुत्र मंगल चंद यादव (26) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सीकर जिले के कांवट, थोई एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य संभावित वारदातों और चोरी किए गए तार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।