BREAKING NEWS: सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान: 9 अगस्त को पूरे प्रदेश में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, युवाओं को जोड़ने पर रहेगा फोकस, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान: 9 अगस्त को पूरे प्रदेश में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, युवाओं को जोड़ने पर रहेगा फोकस, पढ़े खबर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि 9 अगस्त (अगस्त क्रांति दिवस) पर पूरे प्रदेश में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आजादी के मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम बनेगी तथा युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के पोषण, आधुनिक प्रशिक्षण और तकनीकी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि, पुरस्कार और शासकीय सेवाओं में नियुक्ति संबंधी नियम जल्द तय किए जाएं।

डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों की उपलब्ध भूमि पर खेल परिसर विकसित करने की कार्ययोजना बनाई जाए। खेल विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और युवा आयोग मिलकर इस दिशा में काम करें। उन्होंने प्रदेशभर में प्रस्तावित और निर्माणाधीन खेल परिसरों के लिए व्यापक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमियों की स्थापना शीघ्र की जाए, ताकि खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही खेल अधोसंरचना के निर्माण, रखरखाव और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग में सिविल विंग तथा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) गठित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर खेल परिसर या स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि आवंटन लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों से समन्वय कर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही प्रत्येक जिले के पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर उसी के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास किया जाए।

बैठक में खेल एवं युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।