BIG CRIME BUST: आधी रात को MP-राजस्थान बॉर्डर पर रतनगढ़ पुलिस की घेराबंदी... जंगल की तरफ भागा एक शख्स, दूसरा मौके पर ही पकड़ाया! जब खुली बोलेरो नियो तो उड़ गए होश, आखिर 7 रहस्यमयी कट्टों का क्या है सच? पढ़ें पूरी खबर...
आधी रात को MP-राजस्थान बॉर्डर पर रतनगढ़ पुलिस की घेराबंदी... जंगल की तरफ भागा एक शख्स, दूसरा मौके पर ही पकड़ाया! जब खुली बोलेरो नियो तो उड़ गए होश, आखिर 7 रहस्यमयी कट्टों का क्या है सच?
नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में रतनगढ़ थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा पर आधी रात को फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो नियो कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में ओझल हो गया।
चेकिंग देख जंगल की ओर भागा तस्कर, दूसरा घेराबंदी में फंसा-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा एएसपी हेमलता अग्रवाल व एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना प्रभारी बी.एल. भाबर की टीम बॉर्डर पर पैनी नजर रखे हुए थी। 15 सितंबर की दरमियानी रात पुलिस टीम एमपी-राजस्थान बॉर्डर स्थित ग्राम काकरिया तलाई पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।
तभी गांव की तरफ से आती एक बिना नंबर की काले रंग की बोलेरो नियो कार दिखाई दी। पुलिस ने जैसे ही कार को रुकने का इशारा किया, चालक के पास वाली सीट पर बैठे युवक ने चलती गाड़ी से उतरकर जंगल की तरफ दौड़ लगा दी। पुलिस जवानों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन घना जंगल और अंधेरा होने के कारण वह भागने में सफल रहा। दूसरी तरफ, मुस्तैद जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर कार चालक को मौके पर ही दबोच लिया।
बोलेरो नियो खोलते ही सामने आया 7 कट्टों का सच-
जब पुलिस टीम ने पकड़े गए चालक से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम योगेंद्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़ (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया। साथ ही उसने जंगल में भागे अपने साथी की पहचान गणेश पिता हेमराज धाकड़ निवासी ग्राम काकरिया तलाई के रूप में कराई।
इसके बाद जब पुलिस ने बोलेरो नियो की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख आंखें फटी रह गईं। कार के भीतर 7 काले प्लास्टिक के कट्टे ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। कट्टों को खोलकर चेक किया गया तो उनमें कुल 141 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा पाया गया।
लगभग 30 लाख का मश्रुका जब्त-
पुलिस ने मौके से करीब 21 लाख 27 हजार रुपये मूल्य का कुल 141 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लगभग 8 लाख रुपये की काले रंग की बोलेरो नियो कार तथा 30 हजार रुपये कीमत के 3 एंड्रॉयड स्मार्टफोन जब्त किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 29 लाख 57 हजार रुपये का मश्रुका बरामद करने में सफलता हासिल की है।
रतनगढ़ पुलिस ने आरोपी योगेंद्र सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि नशे का यह काला कारोबार कहां से संचालित हो रहा था और खेप राजस्थान में किसे पहुंचाई जानी थी। वहीं, फरार स्थानीय आरोपी गणेश धाकड़ की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।