बड़ी खबर : मां बगलामुखी के दर्शन को निकले थे, उफनते नाले ने निगल ली पूरी कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत, पढ़े खबर
आगर-मालवा। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई। हादसे में कार सवार तीन बच्चों, तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई।

घटना बीती रात की बताई जा रही है। क्षेत्र में मूसलधार बारिश के चलते नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। इसी दौरान कार पानी की चपेट में आ गई और बहाव के साथ करीब 100 मीटर तक बहती चली गई। कार के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

सुबह शुरू हुआ रेस्क्यू, बाहर निकाले शव
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने नाले में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद कार को बाहर निकाला गया और उसमें फंसे सभी आठ लोगों के शवों को बाहर निकाला गया।
बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए लोग ओडिशा के रहने वाले थे और मां बगलामुखी के दर्शन-पूजन के लिए नलखेड़ा आए थे। मृतकों में सात लोग ओडिशा के बताए जा रहे हैं।

रात में 3.2 इंच बारिश, नाले में आया तेज उफान
जानकारी के अनुसार मंदिर क्षेत्र के आसपास रात के समय करीब 3.2 इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई तेज बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव काफी बढ़ गया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन के सामने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया और चक्का जाम भी किया। हादसे को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।

मौके पर कलेक्टर और एसपी सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा हादसे की परिस्थितियों और उसके कारणों की जांच की जा रही है।