BREAKING NEWS: नागदा में पुलिस ने कस दिया शिकंजा, चौराहों पर अचानक बढ़ी सख्ती… संदिग्धों से पूछताछ, बदमाशों की भी हुई जांच, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: नागदा में पुलिस ने कस दिया शिकंजा, चौराहों पर अचानक बढ़ी सख्ती… संदिग्धों से पूछताछ, बदमाशों की भी हुई जांच, पढ़े खबर

रिपोर्ट :- बबलू यादव 

नागदा। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नागदा पुलिस ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील चौराहों पर पहुंचकर वाहनों की जांच की। अचानक शुरू हुए अभियान से वाहन चालकों के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने वालों में भी हलचल रही।

पुलिस ने राजस्थानी चौराहा, कोटा फाटक चौराहा, अंबे माता मंदिर चौराहा सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के जरूरी कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित यातायात नियमों के पालन की पड़ताल की गई। संदिग्ध नजर आने वाले वाहनों और व्यक्तियों को रोककर पुलिस ने पूछताछ भी की।

वाहन चेकिंग के साथ बदमाशों पर भी नजर

अभियान को केवल यातायात जांच तक सीमित नहीं रखा गया। पुलिस ने गुंडे एवं निगरानी बदमाशों की भी जांच-पड़ताल की। इसके अलावा जरूरत के अनुसार होटल, ढाबों और लॉज में भी पहुंचकर पुलिस टीमों ने वहां की गतिविधियों की जानकारी ली। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में खलबली की स्थिति बनी रही।

नशे में वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी

चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। बिना वैध दस्तावेज वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने से पूरी तरह बचने के लिए भी चेताया गया।

संदिग्ध दिखे तो पुलिस को दें सूचना

पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शहर में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।