BIG NEWS: मध्यप्रदेश में UCC लागू करने की दिशा में बड़ा कदम, विधानसभा में रखा गया अध्यादेश... CM डॉ. मोहन यादव बोले— मुस्लिम बहनों को हलाला जैसी परेशानियों से मिलेगी राहत, 'एक देश-एक विधान' की ओर बढ़ा प्रदेश, पढ़े खबर
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) का अध्यादेश विधानसभा के पटल पर रख दिया है। इसके कानून बनने के बाद प्रदेश में सभी नागरिकों पर समान कानून लागू होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यूसीसी का सबसे बड़ा लाभ मुस्लिम महिलाओं को मिलेगा, जिन्हें हलाला जैसी सामाजिक परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यूसीसी को लेकर मिले सुझावों में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने भी समर्थन दिया है।

सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश "एक देश-एक विधान-एक प्रधान-एक व्यवस्था" की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है और विधानसभा के वर्तमान सत्र में इस अध्यादेश को कानून का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस व्यवस्था पर भी बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक के बाद कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस विभाग को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि 8 साल बाद सब-इंस्पेक्टर भर्ती को मंजूरी दी गई है और आगे भी नई भर्तियां निकाली जाएंगी। साथ ही पुलिस कर्मियों के नियमित प्रमोशन की व्यवस्था भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नशामुक्त भारत अभियान के तहत मध्यप्रदेश में भी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि "अपराधी कोई भी हो, उसे बचने का मौका नहीं मिलना चाहिए।"

उन्होंने यह भी बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति स्थापित होने के बाद वहां विकास कार्यों को गति देने की योजना बनाई जा रही है। सरकार का उद्देश्य कानून व्यवस्था को और मजबूत करते हुए प्रदेश को सुरक्षित और विकासशील बनाना है।