BIG NEWS: डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर देवास पुलिस का बड़ा प्रहार, 17 राज्यों तक पहुंचा ऑपरेशन, पढ़े खबर

BIG NEWS: डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर देवास पुलिस का बड़ा प्रहार, 17 राज्यों तक पहुंचा ऑपरेशन, पढ़े खबर

देवास। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर देशभर में लोगों को भयभीत कर लाखों-करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में पुलिस ने “ई-जीरो एफआईआर” के तहत अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 54 लाख 84 हजार रुपए की ठगी की राशि भी बरामद की है।

इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने में देवास पुलिस को करीब 127 दिन लगे। इस दौरान गठित 19 पुलिस टीमों में शामिल 70 जवानों और अधिकारियों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार दबिश दी। पुलिस टीमों ने करीब 58,315 किलोमीटर का सफर तय करते हुए साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ीं और आरोपियों तक पहुंच बनाई।

17 राज्यों के 33 जिलों में पहुंची पुलिस

जांच के दौरान देवास पुलिस की टीमें देश के 17 राज्यों के 33 जिलों तक पहुंचीं। इनमें राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत अन्य राज्य शामिल रहे। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया।

डर दिखाकर खाते कराते थे खाली

डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड में साइबर अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। वीडियो कॉल या फोन के जरिए पीड़ित को कथित जांच के नाम पर घर से बाहर नहीं निकलने और किसी से संपर्क नहीं करने के लिए कहा जाता है। इसके बाद बैंक खाते, निवेश और मनी ट्रांसफर के नाम पर रकम ऐंठ ली जाती है।

देवास पुलिस की जांच ने ऐसे ही अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों से साइबर ठगी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

देशभर में छिपे ठगों तक पहुंची देवास पुलिस

देवास पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। महज एक जिले तक सीमित रहने के बजाय पुलिस टीमों ने अलग-अलग राज्यों में जाकर नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को पकड़ा और ठगी की रकम बरामद की।

127 दिनों तक चले इस ऑपरेशन में 58 हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर देवास पुलिस ने यह संदेश साफ कर दिया है कि साइबर अपराधी देश के किसी भी हिस्से में छिप जाएं, पुलिस की जांच और कानून की पहुंच से बचना आसान नहीं है।