BREAKING NEWS: मंडप सजा, बारात तैयार…, हुआ अलर्ट, तो दौड़ी टीम, बाल विवाह रुकवाकर प्रशासन ने बचाई मासूम की जिंदगी, मामला जीरन के गांव पीठ का, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

BREAKING NEWS: मंडप सजा, बारात तैयार…, हुआ अलर्ट, तो दौड़ी टीम, बाल विवाह रुकवाकर प्रशासन ने बचाई मासूम की जिंदगी, मामला जीरन के गांव पीठ का, पढ़े आजाद मंसूरी की ये खबर

नीमच। जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पीठ में एक नाबालिग बच्ची का विवाह समय रहते रुकवा दिया गया, जिससे एक बड़ी सामाजिक भूल टल गई।

जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में जिलेभर में बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना मिली कि चीताखेड़ा सेक्टर के अंतर्गत ग्राम पीठ में बाल विवाह आयोजित किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम में सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती सारिका और श्रीमती पोंकी भाटिया भी शामिल थीं।

मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने परिवार को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी और बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। साथ ही मौके पर पंचनामा तैयार कर सख्त चेतावनी दी गई कि बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने से पहले विवाह नहीं किया जाएगा।

परिवार ने प्रशासन की समझाइश को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि बच्ची का विवाह वयस्क होने के बाद ही किया जाएगा।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नजदीकी पुलिस थाने या आंगनबाड़ी केंद्र को सूचित करें।