BIG NEWS: नशे के सौदागरों पर पुलिस की करारी चोट, वरना कार से 135 ग्राम एमडीएमए बरामद, एमपी के दो तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर

BIG NEWS: नशे के सौदागरों पर पुलिस की करारी चोट, वरना कार से 135 ग्राम एमडीएमए बरामद, एमपी के दो तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर

चित्तौड़गढ़। जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हाईवे पर नशे की खेप पकड़ी है। जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक हुंडई वरना कार से 135 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली) पाउडर बरामद कर मध्यप्रदेश के दो शातिर तस्करों को दबोच लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेड़ा रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम जलिया चेक पोस्ट पर मुस्तैदी से नाकाबंदी कर रही थी।

इसी दौरान नीमच की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हुंडई वरना कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखी पॉलीथीन से 135 ग्राम एमडीएमए (मौली) पाउडर बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से कार सहित मादक पदार्थ जब्त कर  दीपेश पुत्र अशोक कुमार सैन 23 निवासी तुरकिया थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर एवं विकास पुत्र नंदकिशोर नाई 25 निवासी लीलाखेड़ा पिपलिया मंडी थाना पिपलिया मंडी जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा यह नशे की खेप कहां से लाई गई और कहां सप्लाई की जानी थी, इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में पुलिस जुट गई है।