BIG NEWS: 'गड़ा धन' निकालने और 'नोटों की बारिश' कराने का झांसा देकर लाखों की ठगी, मंदसौर पुलिस ने तांत्रिक गैंग का किया पर्दाफाश; 4 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार, पढ़े खबर

BIG NEWS:  'गड़ा धन' निकालने और 'नोटों की बारिश' कराने का झांसा देकर लाखों की ठगी, मंदसौर पुलिस ने तांत्रिक गैंग का किया पर्दाफाश; 4 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार, पढ़े खबर

मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने गड़ा धन निकालने, नोटों की बारिश कराने और धन दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी सहित अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, रतलाम जिले के चिकलाना निवासी फरियादी गोपाल धाकड़ को आरोपियों ने तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और गड़ा धन निकलवाने का लालच दिया। अलग-अलग चरणों में उससे पूजा के नाम पर लाखों रुपये लिए गए। आरोपियों ने कुएं और जंगल में पूजा का नाटक किया, दुर्घटना और भूत-प्रेत का डर दिखाया तथा जमीन से अंबे माता की मूर्ति निकलने का ढोंग भी रचा। बाद में 50 लाख रुपये की नोटों की बारिश का दावा कर फिर मोटी रकम ऐंठ ली।

जब फरियादी को दी गई नोटों की गड्डी खोलने पर उसमें केवल 20-20 रुपये के नोट निकले, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायत मिलने पर अफजलपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 51 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, तांत्रिक वेशभूषा, माला तथा पूजा में इस्तेमाल की गई अंबे माता की मूर्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी:

- पृथ्वीराज (निवासी चिकलाना, जिला रतलाम)

- कमलेश (निवासी रिण्डा, जिला मंदसौर)

- नबीनुर (निवासी कुचड़ोद)

- अफसर (निवासी कुचड़ोद)

फरार आरोपी: कंवरलाल निवासी कुचड़ोद एवं अन्य सहयोगी।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।