NEWS: रामपुरा में भक्ति का संगम, नवरात्रि से रामनवमी तक गूंजा नगर,भजन-आरती, हवन और आतिशबाजी के बीच उमड़ा आस्था का सैलाब, पढ़े खबर
रिपोर्ट : रुपेश सारु
रामपुरा — नगर में चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी का पर्व इस वर्ष बेहद श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे नौ दिनों तक माता रानी के मंदिरों में पूजा-अर्चना, महाआरती और भक्ति कार्यक्रमों की अनवरत धारा बहती रही, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष रूप से होलकर स्टेट कालीन पुरानी तहसील कार्यालय स्थित मां तुलजा भवानी मंदिर में महाअष्टमी की रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान पुजारी अंकित ओझा के सान्निध्य में प्रसिद्ध गायक पंकज तिवारी और उनके मित्र मंडल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, माता बहनें और युवा शामिल हुए और भजनों पर झूमते नजर आए।

अगले दिन सुबह 8 बजे विधिवत हवन पूजन का आयोजन किया गया, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मां की प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इसी क्रम में रामनवमी के पावन अवसर पर दोपहर 12 बजे नगर के प्रसिद्ध राम मंदिर सहित सभी राम मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आतिशबाजी और प्रसादी वितरण के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। वहीं बस स्टैंड स्थित गायत्री माता मंदिर में भी नवरात्रि समापन पर हवन-पूजन और महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर धर्म लाभ लिया।

कुल मिलाकर रामपुरा नगर में नवरात्रि से लेकर रामनवमी तक भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हर गली और मंदिर से केवल एक ही स्वर गूंजता रहा—मां की महिमा और प्रभु श्रीराम का जयकारा। नगरवासियों ने इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
