BREAKING NEWS: पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता के जन्मदिवस पर सेवा का अनूठा संकल्प, गौशालाओं में हरा चारा वितरित कर दिया गौ संरक्षण और समाजसेवा का प्रेरक संदेश, पढ़े खबर

वैश्य महासम्मेलन ने ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जन्मदिवस, गौ सेवा के माध्यम से संस्कार, समर्पण और जनकल्याण का दिया संदेश

BREAKING NEWS: पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता के जन्मदिवस पर सेवा का अनूठा संकल्प, गौशालाओं में हरा चारा वितरित कर दिया गौ संरक्षण और समाजसेवा का प्रेरक संदेश, पढ़े खबर

नीमच। वैश्य महासम्मेलन के शिरोमणि संरक्षक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता का जन्मदिवस बुधवार को सेवा दिवस के रूप में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोधाम बालाजी मंदिर गौशाला एवं गौ नन्दी सेवाधाम उपचार गौशाला (चमड़ा कारखाना) में गौ माताओं को हरा चारा खिलाकर गौ सेवा की गई तथा गौ संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया।

संभागीय अध्यक्ष संतोष चौपड़ा ने कहा कि उमाशंकर गुप्ता का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और समाजहित के मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाना समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा इससे नई पीढ़ी को समाजसेवा के संस्कार प्राप्त होते हैं।

संरक्षक जम्बुकुमार जैन ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न अंग है। ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता, करुणा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि उमाशंकर गुप्ता का सादगीपूर्ण, सेवाभावी एवं संस्कारित व्यक्तित्व समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है।

जिलाध्यक्ष गोविंद पोरवाल ने कहा कि उमाशंकर गुप्ता ने सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनकल्याण और सेवा के कार्य समाज को नई दिशा देते हैं तथा ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और सेवा भावना को बल मिलता है।

कार्यक्रम संयोजक एवं जिला प्रवक्ता विवेक खण्डेलवाल ने संचालन करते हुए कहा कि उमाशंकर गुप्ता का स्नेह, मार्गदर्शन और समाजहित के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सेवा और संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा और संस्कार ही समाज की वास्तविक पूंजी हैं तथा ऐसे आयोजन सकारात्मक संदेश के वाहक बनते हैं।

जिलामंत्री हरिवल्लभ मुच्छाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा। उन्होंने उपस्थित सभी जनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उमाशंकर गुप्ता के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की तथा उनके बताए सेवा और संस्कार के मार्ग पर चलने को ही उनके प्रति सच्चा सम्मान बताया। इस अवसर पर समाजसेवी निखार गोयल, सुरेश सिंहल, अरुण गोयल, संतोष खण्डेलवाल, मनोज माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।