NEWS: पढ़ाई में 90% पार, खेल में राज्य स्तर तक पहचान… डोली सारू सहित मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 42 साल से प्रतिभाओं को संवार रही समिति, पढ़े खबर
रामपुरा। गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी छात्र सहायता समिति रामपुरा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रतिभाशाली छात्र सहायता सम्मान समारोह इस वर्ष भी आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समिति द्वारा यह सेवा कार्य पिछले 42 वर्षों से निरंतर संचालित किया जा रहा है।

समारोह में मुख्य अतिथि मंदसौर के उद्योगपति प्रदीप जी कीमती, पी.एल. पाटीदार एवं डॉ. काईद जोहर सा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समिति द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं नगर की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डोली दीपेश सारू का विशेष सम्मान
समारोह में सारू परिवार की बिटिया डोली दीपेश सारू को भी सम्मानित किया गया। डोली ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के साथ राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि पर समिति द्वारा डोली को नगद राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महात्मा गांधी छात्र सहायता समिति द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। समिति द्वारा करीब साढ़े चार लाख रुपए की राशि से ऐसे विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सहयोग उपलब्ध कराना है।