महाशिवरात्रि: ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच रामपुरा में सजी शिव शाही सवारी, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, पढ़े खबर

महाशिवरात्रि: ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच रामपुरा में सजी शिव शाही सवारी, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, पढ़े खबर

रिपोर्ट: रुपेश सारु

रामपुरा। नगर में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी महाकाल उत्सव समिति के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी एवं बारात का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।

शाही सवारी प्रातः 11:00 बजे काशी विश्वनाथ काल भैरव मंदिर मठ से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं अभिषेक के बाद प्रारंभ हुई। भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर उज्जैन से आए कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की गूंज से पूरा नगर शिवमय हो उठा।

शाही सवारी का नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं स्वल्पाहार के साथ भव्य स्वागत किया गया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी।

नगर भ्रमण के बाद शाही बारात चोमुखी महादेव मंदिर पहुंची, जहां मंदिर समिति द्वारा साफा बांधकर एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात महाआरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया।

इसी के साथ नगर एवं आसपास क्षेत्र के सभी शिवालयों में प्रातः से ही पूजा-अर्चना एवं अभिषेक का क्रम चलता रहा। प्राचीन केदारेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से प्रसादी वितरण का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो देर रात्रि तक चलता रहा। कुल मिलाकर महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व रामपुरा नगर में गहरी आस्था, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता हेतु नगरवासियों, विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।