NEWS: नागदा में महाशिवरात्रि मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट: मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर का सुरक्षा निरीक्षण, कड़े इंतजामों के निर्देश, पढ़े खबर
रिपोर्ट: बबलू यादव
नागदा — महाशिवरात्रि के अवसर पर थाना नागदा क्षेत्र अंतर्गत स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले विशाल मेले के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अभिषेक रंजन (ASP), मधु नायक (तहसीलदार), थाना प्रभारी अमृत लाल गवरी, उप निरीक्षक योगिता उपाध्याय एवं उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी सिस्टम, बेरिकेटिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए प्रबंधों का सूक्ष्म अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

प्रमुख निर्देश इस प्रकार रहे:
मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु डायवर्जन प्लान प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
लाउडस्पीकर के माध्यम से आमजन को सुरक्षा एवं सावधानी संबंधी जानकारी नियमित रूप से दी जाए।
आपात स्थिति से निपटने हेतु फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रखा जाए।
खोया-पाया केंद्र स्थापित कर सूचना व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।

ASP अभिषेक रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पुलिस बल संयम, सतर्कता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करे।

तहसीलदार मधु नायक ने राजस्व एवं प्रशासनिक अमले को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए थाना नागदा पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है।