NEWS : विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य, भारत विकास परिषद की बड़ी पहल, इन विद्यालयों में होगा एआई क्लॉड वर्कशॉप का आयोजन, अमेरिका की आईटी विशेषज्ञ सुश्री अरुषा गोयल देगी प्रशिक्षण, पढ़े खबर
विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य
नीमच। सेवा संस्कार में अग्रणी भारत विकास परिषद शाखा के तत्वावधान में स्कूली विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence - AI) की आधुनिक तकनीकों एवं उनके प्रभावी उपयोग से परिचित कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष "एआई क्लॉड वर्कशॉप" (AI Claude Workshop) का आयोजन किया जा रहा है।
परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन अरविंद गोयल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए एआई तकनीक का ज्ञान एवं उसका सही उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को एआई के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए इस विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि कार्यशाला का पहला सत्र 1 जुलाई, बुधवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में प्रातः आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी एआई से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं दूसरा सत्र 2 जुलाई, गुरुवार को कार्मल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नीमच में आयोजित होगा, जिसमें भी प्रश्नोत्तर सत्र रखा गया है। इस कार्यशाला की मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक सुश्री अरुषा गोयल (यूएसए) होंगी। सुश्री अरुषा गोयल कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हैं तथा उन्होंने इंटरनेशनल मैनेजमेंट में एमबीए किया है।
उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी (IT), बिजनेस कंसल्टिंग, प्रोग्राम मैनेजमेंट एवं टेक्नोलॉजी लीडरशिप के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है। पिछले कुछ वर्षों से वे विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं नए शिक्षार्थियों के लिए एआई टूल्स, वर्कफ़्लो तथा जिम्मेदार एआई (Responsible AI) के प्रशिक्षण एवं जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। नीमच के विद्यार्थियों के लिए यह एक विशेष एवं दुर्लभ अवसर होगा, जब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ से सीधे कृत्रिम बुद्धिमत्ता की आधुनिक तकनीकों एवं उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।