BREAKING NEWS: मुखर्जी जयंती पर CM का बड़ा दांव! UCC, डिफेंस और रोजगार... एक मंच से किए कई बड़े ऐलान,प्रदेश में शुरू होगा नया दौर, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: मुखर्जी जयंती पर CM का बड़ा दांव! UCC, डिफेंस और रोजगार... एक मंच से किए कई बड़े ऐलान,प्रदेश में शुरू होगा नया दौर, पढ़े खबर

भोपाल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश दिया। भोपाल के लालघाटी स्थित प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण करने के बाद उन्होंने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना "एक देश, एक निशान, एक प्रधान, एक विधान" था और मध्यप्रदेश उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश ने पहली बार डिफेंस सेक्टर में स्वर्णिम इतिहास रचा है और अब मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर रक्षा उत्पादों का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश औद्योगिकीकरण, निवेश और रोजगार के नए दौर में प्रवेश कर चुका है तथा हर वर्ग के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में विशाल इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया जाएगा, जहां उद्योगों के साथ रहने, खाने, प्रशिक्षण और रोजगार की समग्र व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि भोपाल को आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही प्रदेश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटरों का निर्माण भी किया जाएगा, जिनमें एक में 5 हजार और दूसरे में 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्यप्रदेश आज देश का वह राज्य है जहां बेरोजगारी दर सबसे कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास, निवेश, रोजगार तथा सुशासन के क्षेत्र में नई मिसाल स्थापित करेगा।