BIG NEWS: बिना नंबर की अल्टो ने बढ़ाया मल्हारगढ़ पुलिस का शक... पीछा शुरू हुआ तो खुल गया नशे का बड़ा खेल, 5 कट्टों में मिला 69.5 किलो डोडाचूरा; 1 तस्कर गिरफ्तार, 2 फरार... पढ़ें खबर

BIG NEWS: बिना नंबर की अल्टो ने बढ़ाया मल्हारगढ़ पुलिस का शक... पीछा शुरू हुआ तो खुल गया नशे का बड़ा खेल, 5 कट्टों में मिला 69.5 किलो डोडाचूरा; 1 तस्कर गिरफ्तार, 2 फरार... पढ़ें खबर

मल्हारगढ़/मंदसौर, 16 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 69.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद अल्टो कार भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत 4 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, एसडीओपी पिंटू बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने पिपलिया विशन्या और पहेड़ा के बीच वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की संदिग्ध अल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार में रखे 5 कट्टों से 69.5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण चौहान (22 वर्ष), निवासी लसुडिया कदमाला के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह डोडाचूरा भारत चौहान और विजय चौहान से लेकर पिपलियामंडी क्षेत्र में एक अन्य तस्कर तक पहुंचाने जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में नामजद भारत चौहान और विजय चौहान फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य तस्करों की भूमिका की भी जांच कर रही है।