BIG NEWS : कांग्रेस की सियासत बेनकाब, अपनों ने ही खोल दी पोल: सीएम डॉ. मोहन यादव,राज्यसभा चुनाव में नामांकन रद्द होने पर विपक्ष पर तीखा हमला, बोले— कांग्रेस केवल सत्ता और स्वार्थ की राजनीति करती है,पढ़े ये खबर
कांग्रेस की सियासत बेनकाब, अपनों ने ही खोल दी पोल: सीएम डॉ. मोहन यादव,राज्यसभा चुनाव में नामांकन रद्द होने पर विपक्ष पर तीखा हमला
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की वास्तविकता अब जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हार के डर से कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को सुनियोजित तरीके से छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पार्टी के भीतर की खींचतान ने ही पूरे मामले की पोल खोल दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा की इस सीट पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दावेदारी कर रहे थे। टिकट नहीं मिलने से उपजी नाराजगी के कारण पार्टी के ही लोगों ने ऐसे तथ्य सार्वजनिक किए, जिससे कांग्रेस की आंतरिक कलह और कार्यप्रणाली उजागर हो गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सिद्धांतों से अधिक महत्व व्यक्तिगत स्वार्थों को दिया जाता है।

डॉ. यादव ने कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जिसने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और समाज में विभाजन की राजनीति की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने "गरीबी हटाओ" का नारा तो दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटी, बल्कि जनता ने कांग्रेस को ही सत्ता से बाहर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नजर हमेशा सत्ता पर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी विकास, संस्कृति और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देशभर से श्रद्धालु वहां पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और सनातन संस्कृति का गौरव पुनर्स्थापित हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी देश सेवा के लिए समर्पित नेता हैं। उनके नेतृत्व में करोड़ों लोगों को आवास, मुफ्त राशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और जनसेवा दोनों मजबूत हुई हैं।
राज्यसभा में एनडीए की बढ़ती ताकत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से उच्च सदन में एनडीए सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने और "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।