NEWS: “भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान जीरन में शुरू”,दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ आगाज, संगठन मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन,पढ़े खबर

NEWS: “भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान जीरन में शुरू”,दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ आगाज, संगठन मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन,पढ़े खबर

जीरन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जीरन (दक्षिण मंडल) में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। स्थानीय सामुदायिक भवन (चिताखेड़ा दरवाजा) में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की कार्यपद्धति को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के वैचारिक कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

पंचदीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

शनिवार सुबह 10 बजे आयोजित उद्घाटन सत्र में जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा प्रशिक्षण प्रभारी राकेश पप्पू जैन ने मां भारती और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत शुभारंभ किया।

पहले दिन पांच सत्रों में वैचारिक मंथन

प्रशिक्षण के पहले दिन शाम 5 बजे तक कुल पांच सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पहले सत्र में महेंद्र भटनागर ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में भगतराम पाटीदार ने ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ के मूल मंत्र के साथ बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क की रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया।

तीसरे सत्र में पवन पाटीदार ने संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर अपने विचार रखे। चौथे सत्र में अवंतिका जाट ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने की रणनीति समझाई।

अंतिम सत्र में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भाजपा के संघर्षपूर्ण इतिहास और विकासवादी राजनीति की यात्रा से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

दक्षिण मंडल महामंत्री किशन अहिरवार और दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 15 मार्च को दोपहर 1 बजे समापन सत्र के साथ संपन्न होगा, जिसमें मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करते हैं।