BREAKING NEWS: 3 किलो अफीम तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा NDPS एक्ट के मामले में रतनगढ़ पुलिस को मिली सफलता, मुखबिर की सूचना पर राजस्थान से दबोचा आरोपी, पढ़े खबर
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रतनगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 96/2026, धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार आरोपी सुरेश कुमार पिता अमृतलाल धाकड़ (40 वर्ष), निवासी ग्राम हमेरगढ़, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि 29 मई 2026 को पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद कर उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आया कि उक्त अफीम की उपलब्धता कराने तथा पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने में सुरेश कुमार की भूमिका थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रतनगढ़ पुलिस ने 30 मई को दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नीमच के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रतनगढ़ एवं उनकी टीम के साथ साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों के संबंध में जांच जारी है।