NEWS: टैलेंट अकैडमी जीरन का भव्य वार्षिकोत्सव, रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा मंच,12वीं के विद्यार्थियों को दी भावभीनी विदाई, पढ़े खबर
जीरन। टैलेंट अकैडमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 16-17 मार्च 2026 को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव और फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, गीत, कविता और प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से शानदार प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे परिसर को तालियों की गूंज से भर दिया। वार्षिकोत्सव के दौरान पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

17 मार्च को आयोजित विदाई समारोह में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने 12वीं के सीनियर्स के लिए विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत-संगीत, मनोरंजक गतिविधियों और यादगार पलों के बीच कई मौके ऐसे आए, जब विद्यार्थी भावुक हो गए। सीनियर विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों का आभार व्यक्त किया।

विद्यालय प्रबंधन पंकज चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय जीवन ही वह समय है, जहां से सही दिशा और संस्कार मिलते हैं। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। यह भव्य आयोजन विद्यार्थियों के लिए कई यादगार पल छोड़ गया।