BIG NEWS: कोठड़ी इस्तमुरार में सरकारी जमीन पर दबंगई का खेल!, मंदिर के पास कब्जे से भड़का गांव, विरोध पर मिली जान से मारने की धमकी, ग्रामीणों ने लगाई कलेक्टर से न्याय की गुहार, पढ़े खबर
नीमच जिले की जीरन तहसील के ग्राम कोठड़ी इस्तमुरार में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि गांव के मुख्य चौराहे नई आबादी वार्ड नंबर-1 दलावदा रोड स्थित शासकीय भूमि सर्वे नंबर 661 (B) पर एक व्यक्ति द्वारा जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण की तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार श्री निर्भय सिंह पिता कालू सिंह राठौर द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर रोडी डालकर कब्जा किया गया है। इतना ही नहीं, पास स्थित मंदिर की बाउंड्री के समीप भी निर्माण सामग्री और रोडी डालकर अवैध निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है और सार्वजनिक रास्ते एवं सरकारी जमीन के अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब गांव के लोगों ने इस कार्य का विरोध किया तो निर्भय सिंह एवं विजय सिंह पिता कालू सिंह द्वारा गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और झगड़ा किया गया। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर शासकीय भूमि से अवैध कब्जा और रोडी हटवाई जाए। साथ ही संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर गांव में शांति व्यवस्था कायम रखी जाए।

इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा आज जनसुनवाई में जिला कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा गया। आवेदनकर्ताओं में श्यामलाल पिता रामलाल सरगरा, शांतिलाल पिता रामलाल सरगरा, दीपक पिता बंसीलाल सरगरा, गोविंद पिता मांगीलाल सरगरा,धनराज पिता मेघलाल नायक,हारचंद पिता पूनमचंद बेरवा, नंदकिशोर पिता पूनमचंद बेरवा, रमेश पिता मगालाल मेघवाल, दिनेश पिता शांतिलाल सरगरा, लक्ष्मी नारायण पिता रामलाल सरगरा, विनोद पिता रमेश, चरण सिंह बिहारीलाल तथा कुलदीप पिता मदन शामिल हुए
