NEWS : रतनगढ़ में विकास के दावों की पोल खुली, वार्ड 13 की महिलाओं का नगर परिषद पर धावा, गड्ढे, गंदगी और अधूरे वादों पर फूटा गुस्सा, पढ़े खबर
रतनगढ़। एक ओर नेता मंचों से विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करते नहीं थकते, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। इसी विरोधाभास को उजागर करते हुए रतनगढ़ नगर परिषद कार्यालय के पीछे स्थित वार्ड नंबर 13 की जागरूक महिलाएं अपनी समस्याओं को लेकर सीधे नगर परिषद कार्यालय पहुंच गईं।

महिलाओं ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी खेमचंद मूसले से मुलाकात कर वार्ड की गंभीर समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने बताया कि हाल ही में डाली गई पेयजल पाइपलाइन के बाद सड़कें पूरी तरह उखड़ गई हैं, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद गड्ढों को भरा तक नहीं गया। इससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं, महिलाओं ने साफ तौर पर कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां हर मंच से स्वच्छता का संदेश देते हैं, वहीं उनके वार्ड में नालियां टूटी-फूटी पड़ी हैं। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। महिलाओं का आक्रोश यहीं नहीं रुका। उन्होंने बताया कि वर्षों से उनके वार्ड में सड़क निर्माण नहीं हुआ है। साथ ही पार्षद और अध्यक्ष द्वारा गली के रोड पास होने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।

जब इस संबंध में सीएमओ ने निर्माण शाखा प्रभारी से जानकारी ली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ—उस सड़क के लिए अभी तक कोई प्रस्ताव ही पारित नहीं हुआ है। यानी जो वादे किए गए, वे कागजों पर भी मौजूद नहीं हैं।

हालांकि, सीएमओ खेमचंद मूसले ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि पाइपलाइन के कारण जो ब्लॉक और सड़कें अव्यवस्थित हुई हैं, उन्हें जल्द ही ठीक कराया जाएगा।