BIG NEWS: खेतों की मेड़ से रेलवे स्टेशन तक फैला था नशे का गुप्त नेटवर्क… संतरे के पेड़ों के बीच छिपाकर उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे, दूसरी तरफ एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की सप्लाई, मंदसौर पुलिस की कार्रवाई ने खोली पूरे गिरोह की काली कहानी, पढ़े खबर

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शामगढ़ थाना पुलिस ने ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बाहर से साधारण दिखने वाले खेतों और सुनसान इलाकों के अंदर नशे का बड़ा नेटवर्क चल रहा था। पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गांजे की खेती, एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा के अवैध कारोबार का खुलासा किया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल व एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में शामगढ़ थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सोराष्ट्रिय की टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की।

संतरे के बगीचे में उग रही थी नशे की फसल

पहली कार्रवाई 21 मई 2026 को चंदवासा चौकी और शामगढ़ पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम भुण्डिया में की गई। पुलिस जब आरोपी दिलीप सिंह पिता नारायण सिंह सौंधिया राजपूत के खेत पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। खेत में संतरे के बगीचे के बीच बेहद चालाकी से गांजे के पौधे छिपाकर लगाए गए थे ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने मौके से कुल 384 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन करीब 25 किलो और अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी दिलीप सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम भुण्डिया थाना शामगढ़ को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया।

रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा गया एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा

दूसरी कार्रवाई में शामगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अंकित पिता गोपाल विश्वकर्मा निवासी मेघूर कॉलोनी शामगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 68 ग्राम एमडी ड्रग्स पाउडर और 5 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि एमडी ड्रग्स आरोपी फरदीन पिता आजाद खान निवासी ग्राम दुगालिया थाना डग जिला झालावाड़ राजस्थान से लाया गया था। पुलिस ने फरदीन को भी आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 78 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस टीम की भूमिका रही अहम

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सोराष्ट्रिय के साथ चौकी प्रभारी चंदवासा मनोज महाजन, प्रधान आरक्षक सुरजपाल सिंह, प्रधान आरक्षक अजय मेड़ा, आरक्षक अनिल गुर्जर, मनीष सावलिया, प्रहलाद गरासिया, प्रेमकुमार, धर्मेंद्र बेरगी, विशाल चौहान, हीरालाल यादव और इरफान खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।