NEWS: चिताखेड़ा में गूंजा पैगाम-ए-मोहब्बत, जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, पढ़े खबर
शाही जामा मस्जिद से निकले जलसे में उमड़ा जनसैलाब, रंग-बिरंगे परिधानों में मदरसे के नन्हे बच्चे बने आकर्षण का केंद्र; मिठाई-बिस्कुट बांटकर मनाई खुशियां
चिताखेड़ा। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मुबारक अवसर पर चिताखेड़ा में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस दौरान गांव में जगह-जगह सजावट की गई और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ खुशियां मनाई गईं।

मुबारक मौके की पूर्व संध्या पर शाही जामा मस्जिद में तकरीर का आयोजन हुआ। मस्जिद को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया, जिसके चलते रात में मस्जिद की रौनक देखते ही बनी। पूरे गांव में जश्न का माहौल नजर आया।

शाही जामा मस्जिद से निकला भव्य जलसा
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे शाही जामा मस्जिद से जलसा जुलूस निकाला गया। जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा और पुनः शाही जामा मस्जिद बस स्टैंड पहुंचकर संपन्न हुआ। जलसे में मुस्लिम समाज के बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जामा मस्जिद मदरसे के नन्हे-मुन्ने बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में जुलूस की खास शोभा बने रहे। बच्चों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया। जलसे में सैकड़ों लोगों की भीड़ रही।

जगह-जगह बांटा तबर्रुक
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों द्वारा तबर्रुक के रूप में मिठाई, बिस्कुट और चॉकलेट वितरित किए गए। मदरसे के बच्चों को भी कई स्थानों पर विशेष रूप से मिठाइयां बांटी गईं। लोगों ने उत्साह के साथ जलसे में शामिल लोगों का स्वागत किया।

प्रशासन-पुलिस रही मुस्तैद
आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। चिताखेड़ा पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी पुलिस बल के साथ पूरे समय जलसे में मौजूद रहे। वहीं जीरन तहसीलदार और हल्का पटवारी सुदेश चेलावत सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में जलसा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था बनी रही और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।