NEWS: मूसलाधार बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, 101वें हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा सनातनी परिवारों का सैलाब, पढ़े खबर

मनभावन हनुमान मंदिर में गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ और भजनों का स्वर; पं. मनोज कश्यप ने कहा—सनातन और देश की रक्षा के लिए संगठित होना जरूरी

NEWS: मूसलाधार बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, 101वें हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा सनातनी परिवारों का सैलाब, पढ़े खबर

रिपोर्ट :- मनीष जोलानिया 

मनासा। भरी बरसात के बीच भी आस्था का उत्साह कम नहीं हुआ। स्थानीय कृषि उपज मंडी स्थित श्री मनभावन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित 101वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में बड़ी संख्या में सनातन परिवार शामिल हुए। बारिश के बीच श्रद्धालु भीगते हुए भी कार्यक्रम में डटे रहे और भक्ति के माहौल में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पंडित मनोज कश्यप (शेरपुर) ने कहा कि सनातनी हिंदुओं को अलग-अलग रूपों में बांटने का प्रयास हो रहा है, जिसका प्रभाव देश और धर्म दोनों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश और धर्म सुरक्षित रहेंगे तभी समाज सुरक्षित रहेगा, इसलिए सभी को संगठित रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि हम सभी भगवान श्रीराम के भक्त हैं और श्रीरामचरितमानस में हमारी गहरी आस्था है। मानस हमें त्याग, संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने उपस्थित सनातन परिवारों से एकजुट रहकर अच्छे नागरिक बनने और देशसेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

दो वर्ष पहले शुरू हुआ सफर, अब 101वीं कड़ी

सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग की यह 101वीं कड़ी थी। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के विद्वान युवा रामराष्ट्र आराधक साहित्याचार्य संत श्री चेतनराम (उदयपुर) ने करीब दो वर्ष पूर्व मंदिरों की नगरी में इस पहल की शुरुआत सामाजिक समरसता, परिवार एकता, संस्कार और धर्म आचरण से समाज को जोड़ने के उद्देश्य से की थी।

खास बात यह रही कि इस श्रृंखला का दूसरा सामूहिक पाठ भी इसी श्री मनभावन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित हुआ था।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मनभावन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के प्रकाशचन्द्र हिंगड़, ओमप्रकाश डाढ़, सुरेश मालपानी, आशिष सारड़ा, रमेश मूंगड़, कैलाश झंवर, सत्यनारायण आगार, जीतेन्द्र फरक्या, नरेंद्र हिंगड़, नितिन देपुरा आदि ने श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के साथ सूरजमल मानावत, रामकुंवार दरक सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पंडित मनोज कश्यप का स्वागत किया।

बारिश के बीच भजनों ने बांधा समां

सत्संग के दौरान भजन प्रवाह में राजकुमार मारू, सत्यनारायण सोनी, कमल विजयवर्गीय, गोपाल राठौर, अर्पित शर्मा, विजय उपाध्याय और ओम सोनी ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। बाहर बारिश होती रही और मंदिर परिसर में भक्ति के स्वर गूंजते रहे। भजनों के साथ श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए।

1 सितंबर को होगा 102वां सामूहिक पाठ

कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल ने लाभार्थियों, मंदिर ट्रस्ट और बड़ी संख्या में उपस्थित सनातन परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही अगले 102वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक लोगों से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया। अगला आयोजन 1 सितंबर, मंगलवार को रात 8:30 बजे श्री बालवीर हनुमान मंदिर, पुलिस थाने के बाहर रामपुरा नाका पर आयोजित किया जाएगा।