NEWS: मंदिरों की नगरी मनासा में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मुक्तिधाम पर सजा भव्य रात्रिकालीन एक दिवसीय मेला, पढ़े खबर
मनासा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी रविवार की रात्रि मंदिरों की नगरी मनासा के काछी मोहल्ले के समीप स्थित मुक्तिधाम परिसर में एक दिवसीय भव्य रात्रिकालीन मेले का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मुक्तिधाम स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर में विगत दो दशकों से अधिक समय से महाशिवरात्रि पर भव्य मेले की परंपरा निभाई जा रही है। मुक्तिधाम (मोक्षधाम) समिति द्वारा आयोजित इस मेले में पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे रातभर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।

मेले के दौरान स्वांगधारियों द्वारा संगीतमय एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। परिसर में बर्फ से निर्मित अद्भुत शिवलिंग के साथ भगवान शिव परिवार, राधा-कृष्ण सहित कई मनमोहक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन कर मेले का आनंद लिया तथा प्रसादी ग्रहण की।

मनासा नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुक्तिधाम पहुंचे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए मनासा थाना पुलिस, मेला समिति के सदस्य एवं नगर परिषद के कर्मचारी मुस्तैदी से तैनात रहे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ
