BIG NEWS : नीमच पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, मनासा में एस्प्रेसो कार से 41.2 किलो डोडाचूरा बरामद, तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दबोची तस्करी की खेप, आरोपी से गिरोह और अन्य साथियों के नेटवर्क की पूछताछ जारी
मनासा (नीमच)। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एस्प्रेसो कार में तस्करी कर ले जाए जा रहे 41 किलो 200 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की एस्प्रेसो कार (RJ-27 CL-8706) में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डिकेन रोड स्थित भेरू बावजी, अखेपुर-बावड़ा फंटा पर नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें से 41 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से पप्पूलाल पिता छगनलाल गेहलोत, निवासी बोरखेड़ी पाणेरी, थाना नीमच सिटी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से यह डोडाचूरा कहां से लाया गया और किसे पहुंचाया जाना था, इसके साथ ही उसके अन्य साथियों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, सउनि दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक नरेंद्र मालवीय तथा आरक्षक विजयपाल सिंह, अंकित राठौर, दशरथ जाटव, अंकित जोशी और कुशलपाल जाट की सराहनीय भूमिका रही।
