NEWS: नीमच में दंगल का बिगुल, 6 अप्रैल को गूंजेगा अखाड़ा, अंडर-17 पहलवानों की जोरदार भिड़ंत, जीतने वाले जाएंगे सीधे राज्य स्तर के महासंग्राम में, पढ़े खबर
नीमच। शहर में कुश्ती प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के तत्वाधान में एवं ओलंपियन पप्पू जी यादव के नेतृत्व में 6 अप्रैल 2026, सोमवार को नीमच में अंडर-17 सब जूनियर जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

यह प्रतियोगिता बालक फ्रीस्टाइल, ग्रीक रोमन एवं बालिका फ्रीस्टाइल वर्गों में आयोजित होगी, जिसमें जिलेभर के युवा पहलवान अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। इस दंगल में विजेता बनने वाले पहलवानों को सागर (मध्य प्रदेश) में 12 व 13 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में बालक फ्रीस्टाइल एवं ग्रीक रोमन के लिए वजन वर्ग 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92 और 110 किलोग्राम निर्धारित किए गए हैं। वहीं बालिका फ्रीस्टाइल के लिए 40, 43, 46, 49, 53, 57, 61, 65, 69 और 73 किलोग्राम वजन वर्ग तय किए गए हैं।

आयु सीमा वर्ष 2009 और 2010 में जन्मे खिलाड़ियों के लिए निर्धारित है। वर्ष 2011 में जन्मे पहलवान भी अपने माता-पिता की अनुमति और मेडिकल सर्टिफिकेट के साथ प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। 6 अप्रैल, सोमवार को सुबह 11:00 बजे सभी प्रतिभागियों का वजन लिया जाएगा, जिसके तुरंत बाद कुश्ती मुकाबलों का रोमांचक सिलसिला शुरू होगा।

यह प्रतियोगिता जिला कुश्ती केंद्र, राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम के पीछे, नीमच में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जानकारी जिला कुश्ती संघ के सचिव दिलीप ग्वाला एवं कोषाध्यक्ष रवि दीवान द्वारा दी गई है।