NEWS- रामा भील की नगरी रामपुरा में सम्राट राजा रामाभील की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई, विधायक अनिरुद्ध मारू हुए शामिल,पढ़े खबर

NEWS- रामा भील की नगरी रामपुरा में सम्राट राजा रामाभील की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई, विधायक अनिरुद्ध मारू हुए शामिल,पढ़े खबर

रामपुरा। रामा भील की नगरी रामपुरा में आठवीं शताब्दी के पराक्रमी भील शासक सम्राट राजा रामाभील की जन्म जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी भील समाजजन एवं नगरवासी शामिल हुए। जन्म जयंती के उपलक्ष्य में विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया, जो प्रातः 9 बजे ग्राम बीलवास से प्रारंभ होकर भदाना, चंद्रपुरा, मजीरिया होते हुए नगर के बस स्टैंड पहुंची। इसके पश्चात रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्थानीय दशहरा मैदान पहुंची।

दशहरा मैदान में सर्वप्रथम रियासत के शासक राजा रामाभील के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद मंच से उनके जीवन, शौर्य और पराक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि राजा रामाभील ने आठवीं शताब्दी के आसपास चंद्रावल शासकों से पराक्रमपूर्वक यह क्षेत्र जीतकर अरावली पर्वत श्रृंखला के किनारे अपनी राजधानी स्थापित कर शासन किया था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय लोकप्रिय विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, महामंत्री नरेंद्र मालवीय, मंडल अध्यक्ष गोपाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष पवन भील, भाजपा पदाधिकारीगण एवं आदिवासी भील समाज के पदाधिकारी मंचासीन रहे।
इस अवसर पर विधायक श्री मारू ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी वर्ग के उत्थान के लिए सदैव तत्पर है और समाज के विकास के लिए निरंतर योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने समाजजनों से अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षित करने का आह्वान किया। समाजजनों द्वारा राजा रामाभील के भव्य स्मारक निर्माण की मांग रखे जाने पर विधायक श्री मारू ने कहा कि इस संबंध में प्रदेश के मुखिया को अवगत कराया जा चुका है और शीघ्र ही विस्तृत योजना के तहत नगर में राजा रामाभील का भव्य स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मनासा विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी छात्रावासों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, माताएं और बहनें उपस्थित रहीं। आयोजन के पश्चात स्थानीय कार्यक्रम स्थल पर प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।