NEWS:कलश-पोथीयात्रा में उमड़ा जनसैलाब,टीलाखेड़ा बालाजी से गौशाला तक गूंजे भक्ति गीत,गौसेवा के लिए महामंडलेश्वर ने दिए 51 हजार रुपए,पढ़े खबर

कलश-पोथीयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

NEWS:कलश-पोथीयात्रा में उमड़ा जनसैलाब,टीलाखेड़ा बालाजी से गौशाला तक गूंजे भक्ति गीत,गौसेवा के लिए महामंडलेश्वर ने दिए 51 हजार रुपए,पढ़े खबर

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नगर एवं अंचल में धर्म, भक्ति और गौसेवा के पावन उद्देश्य को लेकर आयोजित श्रीमद् भागवत धर्मध्वजा एवं गौसेवा महोत्सव का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा, उल्लास एवं भक्ति भाव के साथ हुआ।

इस अवसर पर टीलाखेड़ा बालाजी मंदिर से भव्य कलश एवं पोथियात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए। कलश व पोथियात्रा बैंड-बाजों, ढोल-धमाकों और भक्ति संगीत के साथ नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई खात्याखेड़ी मार्ग होकर बरखेड़ा पंथ स्थित श्री राधा कृष्ण गौशाला पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों पर नृत्य किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

गौशाला परिसर में पहुंचने पर महामंडलेश्वर सांदीपेंद्र गिरी महाराज (नलखेडा धाम) एवं भागवताचार्य देवेंद्र शास्त्री (धारीयाखेड़ी) के सानिध्य में धर्मध्वजा का विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही गौमाताओं के लिए बनाए जाने वाले नए शेड का भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महामंडलेश्वर संदीपेंद्र गिरी महाराज ने गौसेवा के लिए 51 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा कर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रेरित किया। भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भागवताचार्य देवेंद्र शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि गौशाला में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होना अत्यंत सौभाग्य की बात है, क्योंकि जहां गोमाता विराजित होती हैं, वहीं स्वयं भगवान का वास होता है। उन्होंने गौसेवा को साक्षात् भगवान की सेवा बताते हुए सभी से धर्म एवं सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि श्रीमद् भागवत धर्मध्वजा एवं गौसेवा महोत्सव 01 फरवरी से 07 फरवरी 2026 तक श्री राधा कृष्ण गौशाला, बरखेड़ा पंथ में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा, आरती एवं विभिन्न धार्मिक एवं सेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस संपूर्ण आयोजन का संचालन प्रेस क्लब पिपलिया मंडी के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रेस क्लब के संरक्षक मनोहर काबरा, अध्यक्ष जगदीश पंडित, उपाध्यक्ष हरीश गुप्ता, सचिव जेपी तेलकार, बाबूलाल नागर, प्रकाश बंसल, नरेंद्र राठौर, शम्भू मेक, रवि पोरवाल, निखिल सोनी, ललित सोलंकी, शोभित बंसल, गोशाला समिति अध्यक्ष मोहनलाल तेलकार, बरखेड़ा पंथ पूर्व सरपंच दिनेश कारपेंटर सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगर व अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्म, भक्ति एवं गौसेवा के इस 7 दिनी पावन महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।