NEWS:नीमच में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का जोरदार असर, गांधी वाटिका में जुटे 2000 से अधिक मजदूर-कर्मचारी, अपनी 21 सूत्रीय मांगों का सौपा ज्ञापन,पढ़े खबर

आंगनवाड़ी, आशा, मध्यान्ह भोजन, नल चालक, बैंक-बीमा, आउटसोर्स व निर्माण कर्मियों की विशाल रैली

नीमच। सीटू सहित 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, योजना कर्मियों, राज्य-केंद्र कर्मचारियों के महासंघ एवं संयुक्त किसान मोर्चा और अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को नीमच में भी व्यापक हड़ताल देखने को मिली। बैंक, बीमा, बीएसएनएल, आंगनवाड़ी, मध्यान्ह भोजन, आशा सहित कई विभागों में कामकाज पूरी तरह बंद रहा।

हड़ताल के तहत गांधी वाटिका में लगभग 2000 से अधिक मजदूर और कर्मचारी एकत्र हुए। सभा में सरकार की कथित कॉर्पोरेट-परस्त नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और चेतावनी दी गई कि यदि मजदूर-किसान विरोधी नीतियां वापस नहीं ली गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

ये रहीं प्रमुख मांगें

सभा में 21 सूत्रीय मांगपत्र पेश किया गया, जिसमें प्रमुख मांगें शामिल रहीं—

21 नवंबर 2025 को जारी लेबर कोड को तत्काल रद्द किया जाए।

आउटसोर्स, आंगनवाड़ी, आशा, मध्यान्ह भोजन, ठेका, संविदा, नल चालक, भृत्य सहित सभी अस्थायी कर्मियों को स्थायी किया जाए।

स्थायीकरण तक न्यूनतम वेतन ₹26,000 प्रतिमाह दिया जाए।

सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन, बीमा, ग्रेच्युटी, बोनस का लाभ मिले।

50 लाख रुपए का सरकारी बीमा और ₹10,000 मासिक पेंशन सुनिश्चित की जाए।

बैंक, बीमा, बीएसएनएल, रक्षा, कोयला जैसे सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण बंद हो।

महंगाई पर नियंत्रण और बीज बिल, बिजली सुधार बिल वापस लिए जाएं।

अफीम फसल को फसल बीमा योजना में शामिल किया जाए तथा समर्थन मूल्य सुनिश्चित हो।

मनरेगा को पुराने स्वरूप में बहाल कर शहरी क्षेत्र में 250 दिन काम और ₹700 दैनिक मजदूरी दी जाए।

सीसीआई सीमेंट फैक्ट्री नयागांव को सरकारी क्षेत्र में संचालित कर बकाया भुगतान किया जाए।

शहर में निकली विशाल रैली

सभा के बाद गांधी वाटिका से रैली निकाली गई, जो पुस्तक बाजार, जाजू भवन, बारादरी, फव्वारा चौक होते हुए 40 चौराहे पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल रहे।

40 चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम तहसीलदार श्री संजय मालवीय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन सुनील शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र सिंह ठाकुर एवं आभार प्रदर्शन मुकेश नागदा ने किया।

सभा को सीटू, इंटक, बैंक, सीमेंट, आउटसोर्स, ठेका, संविदा, विनियमित, अंशकालीन, नल चालक, मध्यान्ह भोजन, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, बिजली, किसान सभा, जनवादी लेखक संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।