महाशिवरात्रि विशेष: जलेश्वर महादेव धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 15 फरवरी को 11वां विशाल महाभंडारा, भक्ति-भजन से गूंजेगा हरवार, पढ़े खबर

महाशिवरात्रि विशेष: जलेश्वर महादेव धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 15 फरवरी को 11वां विशाल महाभंडारा, भक्ति-भजन से गूंजेगा हरवार, पढ़े खबर

हरवार। प्रकृति की सुरम्य दो पहाड़ियों के बीच स्थित प्राचीन जलेश्वर महादेव मंदिर में इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 15 फरवरी 2026, रविवार को मंदिर परिसर में 11वां विशाल महाभंडारा, भजन-संध्या और महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति के अनुसार कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार-पूजन, अभिषेक एवं महाआरती की जाएगी। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों द्वारा शिव भक्ति की प्रस्तुति दी जाएगी।

आयोजन इस वर्ष 11वें विशाल महाभंडारे के रूप में किया जा रहा है। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए दिनभर प्रसादी एवं भोजन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

जलेश्वर महादेव सेवा समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने भक्तों, माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर भगवान शिव के दर्शन कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं। साफ-सफाई, आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हरवार में महाशिवरात्रि को लेकर अभी से उत्साह का माहौल है और शिवभक्तों में विशेष उमंग दिखाई दे रही है।