NEWS: प्री-आरडी परेड के लिए नीमच से वैभव साहू और योगेश्वरी कछावा का विश्वविद्यालय स्तर पर चयन, पढ़े खबर
नीमच। भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पूर्व गणतंत्र दिवस (प्री-आरडी) परेड चयन शिविर-2026 के लिए विक्रम विश्वविद्यालय परिक्षेत्र अंतर्गत नीमच जिले से राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के श्रेष्ठ स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविका का चयन किया गया।

शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की रासेयो इकाइयों से श्रेष्ठ स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविका का चयन कर जिला संगठक स्तर पर भेजा गया था। जिला संगठक डॉ. जे.सी. आर्य के निर्देशन में गठित चयन समिति ने निर्धारित मापदंडों के आधार पर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस नीमच में विक्रम विश्वविद्यालय स्तर के लिए एक श्रेष्ठ स्वयंसेवक एवं एक श्रेष्ठ स्वयंसेविका का चयन किया।

चयन प्रक्रिया के दौरान पूर्व में प्री-आरडी के लिए चयनित स्वयंसेवक निखिल कुमावत ने प्रतिभागियों को परेड एवं विभिन्न चयन मापदंडों का प्रशिक्षण दिया। इसके बाद चयन समिति द्वारा परेड ड्रिल, सांस्कृतिक प्रस्तुति, साक्षात्कार एवं शारीरिक दक्षता सहित विभिन्न पैमानों पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।

मूल्यांकन के आधार पर शासकीय महाविद्यालय जीरन के वैभव पिता दशरथ साहू तथा शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय मनासा की योगेश्वरी पिता मदनलाल कछावा का विक्रम विश्वविद्यालय स्तर के लिए चयन हुआ।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राकेश कुमार कस्वां, डॉ. भरत कुमार धनगर, प्रो. आशीष कुमार सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने चयनित स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए आगामी चयन स्तर पर निरंतर बेहतर प्रदर्शन एवं प्रगति के लिए प्रेरित किया।
