BIG NEWS: नाबालिक बेटियों की शादी से किया इनकार तो बदल गया माहौल! ‘उठाकर ले जाएंगे’ से ‘जान से मारने’ तक की मिली धमकी, चीताखेड़ा की माँ ने कलेक्टर के दरबार मे सुनाई दर्दभरी दास्तान, पढ़े खबर

BIG NEWS: नाबालिक बेटियों की शादी से किया इनकार तो बदल गया माहौल! ‘उठाकर ले जाएंगे’ से ‘जान से मारने’ तक की मिली धमकी, चीताखेड़ा की माँ ने कलेक्टर के दरबार मे सुनाई दर्दभरी दास्तान, पढ़े खबर

नीमच/जीरन। चीताखेड़ा निवासी एक विधवा महिला ने अपनी नाबालिग बेटियों के जबरन विवाह का दबाव बनाने और विरोध करने पर परिवार को धमकाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत दी है। महिला ने अपनी दोनों बेटियों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में फोरम पति स्व. मांगुनाथ, निवासी चीताखेड़ा, तहसील जीरन ने बताया कि वह विधवा है और अपनी नाबालिग बेटियों एवं बेटों के साथ रहती है। महिला का आरोप है कि प्रतापगढ़ निवासी जगदीश नाथ वाघेला द्वारा उसकी नाबालिग बेटियों नेतल कालबेलिया और तोरा कालबेलिया का विवाह अपने पुत्रों से कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

महिला के अनुसार आरोपी की पत्नी उसके काका की बेटी होने के कारण रिश्ते में बहन लगती है तथा दोनों परिवारों के बच्चों के बीच भाई-बहन का रिश्ता है। इसके बावजूद बेटियों का विवाह अपने पुत्रों से कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

विरोध करने पर गंभीर धमकियों का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने बेटियों का विवाह करने से इनकार किया तो उसे और उसके परिवार को डराया-धमकाया जाने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि बेटियों का विवाह उसके पुत्रों के साथ नहीं करने या किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कराने का प्रयास करने पर बेटियों को जबरन उठाकर ले जाने तथा जिस युवक से विवाह तय किया जाएगा, उसे जान से मरवाने की धमकी दी गई।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवारजनों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत में संबंधित व्यक्ति के प्रतापगढ़ के कुछ लोगों से संपर्क होने तथा उसके और उसके पुत्रों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने का भी आरोप लगाया गया है।

महिला ने बताया कि पुलिस विभाग में शिकायत देने के बाद भी धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। उसने कलेक्टर से अपनी दोनों नाबालिग बेटियों एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।