BIG NEWS : नारायणगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, स्विफ्ट कार में छिपाकर ले जा रहा था 100 किलो डोडाचूरा, 24 साल का तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाली बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

वाहन चेकिंग के दौरान खुला राज
18 अगस्त 2026 को सउनि के.एल. प्रजापति पुलिस टीम के साथ झार्डा से भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार में पांच प्लास्टिक के कट्टे मिले। जांच करने पर इनमें कुल 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा भरा होना पाया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी अजय सिंह पिता हरिसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी बेलारी, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच को गिरफ्तार कर लिया।

6.60 लाख का मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 किलोग्राम डोडाचूरा कीमत करीब 2 लाख रुपए, बिना नंबर की मारुति स्विफ्ट कार कीमत करीब 5.50 लाख रुपए तथा एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल कीमत करीब 10 हजार रुपए बरामद किया। इस प्रकार कुल करीब 7.60 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 257/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस की पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ राजेन्द्र कुमार पवार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।