BREAKING NEWS: पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाया ऐसा खतरनाक तरीका, ट्रैक्टर के टायरों को ही बना दिया तिजोरी... खोलते ही निकली अफीम और डोडाचूरा की बड़ी खेप, दो आरोपी गिरफ्तार, पढ़े खबर
मंदसौर। जिले की नारायणगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर लाई जा रही अफीम और डोडाचूरा की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.5 किलोग्राम अफीम, 30 किलोग्राम डोडाचूरा, दो ट्रैक्टर और ट्रॉली सहित करीब 16.35 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेज सिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी बुढ़ा विकास गेलोत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झांडी-भवनासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास एक ट्रैक्टर में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर मैसी 241 DI ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे मैसी 1035 DI ट्रैक्टर के टायरों की जांच की गई। जब टायर खोले गए तो दाएं पिछले टायर के अंदर से 30 किलो डोडाचूरा और बाएं आगे के टायर के अंदर से 5.5 किलो अफीम बरामद हुई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए नशे की खेप को बेहद शातिर तरीके से टायरों के भीतर छिपा रखा था।

पुलिस ने विकास पिता बोहराराम जाट (26) एवं प्रधान पिता सेवाराम जाट (27) निवासी ग्राम बड़लिया, थाना झंवर, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18 एवं 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास जाट के खिलाफ पहले भी मल्हारगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जिससे उसके पुराने तस्कर होने की भी पुष्टि हुई है।
