BIG NEWS: मंदसौर में CBN का बड़ा एक्शन, ट्रक के गुप्त तहखानों से 616 किलो डोडाचूरा बरामद, आयरन कटर से काटकर निकाली गई खेप, तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर
मंदसौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 616 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की मंदसौर द्वितीय खंड एवं पी एंड आई सेल की संयुक्त टीम ने 21 जून 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मल्हारगढ़ और पिपलियामंडी के बीच एक फ्लैटबेड ट्रक को रोका। मौके पर विस्तृत जांच संभव नहीं होने के कारण ट्रक और चालक को सीबीएन कार्यालय मंदसौर लाया गया।

कार्यालय परिसर में जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। फ्लैटबेड ट्रक के निचले हिस्से और चालक के केबिन के पीछे विशेष रूप से बनाए गए दो गुप्त कक्ष (हिडन चैंबर) मिले, जिनमें 67 प्लास्टिक कट्टों में भरकर अवैध डोडाचूरा छिपाया गया था।

तलाशी के दौरान गुप्त कक्ष में रखे कट्टों को निकालना बेहद मुश्किल साबित हुआ। इसके बाद सीबीएन टीम ने आयरन कटिंग मशीन मंगवाई और लोहे के बने गुप्त हिस्सों को काटकर अंदर छिपाई गई पूरी खेप बाहर निकाली। कार्रवाई में कुल 616 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
सीबीएन ने बरामद मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत जब्त कर लिया है। वहीं ट्रक चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि यह संगठित तस्करी नेटवर्क का मामला प्रतीत होता है। मामले की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशामुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।