NEWS: ढोल की थाप, डांडिया की खनक, थिरके कदम और छलके श्रद्धा के रंग!, भव्य भंडारे के साथ मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई, गोकुलधाम में दिखा भक्ति का अद्भुत संगम, पढ़े खबर

ढोल की थाप, डांडिया की खनक, थिरके कदम और छलके श्रद्धा के रंग!, भव्य भंडारे के साथ मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई, गोकुलधाम में दिखा भक्ति का अद्भुत संगम

NEWS: ढोल की थाप, डांडिया की खनक, थिरके कदम और छलके श्रद्धा के रंग!, भव्य भंडारे के साथ मां दुर्गा को दी भावभीनी विदाई, गोकुलधाम में दिखा भक्ति का अद्भुत संगम, पढ़े खबर

नीमच। शहर की गोकुलधाम कॉलोनी में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का समापन अपार श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। दशमी के पावन पर्व पर विधि-विधान पूर्वक विशेष हवन-पूजन के उपरांत मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन कर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।

​नवमी पर भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पाई प्रसादी-

महोत्सव के क्रम में नवमी के दिन कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कॉलोनीवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक माता रानी के दरबार में प्रतिदिन महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं द्वारा पारंपरिक डांडिया और गरबा रास की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।

​पुष्पवर्षा कर उतारी आरती, नम आंखों से विदा हुईं माता रानी-

दशमी के अवसर पर गोकुलधाम गरबा उत्सव समिति एवं कॉलोनीवासियों के संयुक्त तत्वावधान में माता रानी की प्रतिमा को आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ (ट्रैक्टर-ट्रॉली) में विराजित कर भव्य विसर्जन चल समारोह निकाला गया। जैसे ही चल समारोह प्रारंभ हुआ, डीजे और ढोल की थाप पर महिला-पुरुष और बच्चे डांडिया खेलते हुए भक्ति रस में डूब गए।

​विसर्जन यात्रा कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने अपने घरों के बाहर माता रानी की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद लिया। दोपहर से शुरू हुआ यह भक्तिमय चल समारोह देर शाम तक जारी रहा। इसके पश्चात सामूहिक महाआरती कर पूर्ण धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों व कॉलोनीवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।