BIG NEWS: किसानों की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, नीमच से राज्यपाल तक पहुंचा ज्ञापन, समाधान नहीं हुआ तो दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, पढ़े खबर

BIG NEWS: किसानों की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, नीमच से राज्यपाल तक पहुंचा ज्ञापन, समाधान नहीं हुआ तो दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, पढ़े खबर

नीमच। जिले में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर राजनीति गरमा गई है। तरुण बाहेती के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले के किसान वर्तमान में गंभीर संकट से गुजर रहे हैं और सरकारी व्यवस्थाओं की लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। कांग्रेस ने गेहूं उपार्जन में देरी, फसल बीमा, ओलावृष्टि मुआवजा और सड़कों की खराब स्थिति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।

सबसे बड़ा मुद्दा गेहूं खरीदी को लेकर सामने आया है। कांग्रेस के अनुसार, खरीदी तिथियों को बार-बार आगे बढ़ाने से किसान अपनी उपज कम दामों में बेचने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं, समय पर भुगतान नहीं होने से बड़ी संख्या में किसान सहकारी कर्ज नहीं चुका पाए और “डिफाल्टर” घोषित कर दिए गए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पिछले सीजन में अतिवृष्टि से हुए नुकसान के बावजूद किसानों को अब तक फसल बीमा राशि नहीं मिली है। साथ ही पालसोडा-भंवरासा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के बाद भी उचित सर्वे और मुआवजा नहीं दिया गया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।

सड़क व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। नीमच-चीताखेड़ा-जीरन मार्ग की जर्जर हालत को “जानलेवा” बताते हुए तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।