NEWS: रामपुरा में गूंजा जय श्रीराम, हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य कलश यात्रा, प्राण प्रतिष्ठा के साथ हजारों भक्तों ने लिया महाप्रसादी का लाभ,पढ़े खबर
रिपोर्ट :- रुपेश सारु
रामपुरा। नगर में हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष अद्भुत आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूरा नगर धार्मिक रंग में रंगा नजर आया। सभी हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसादी वितरण का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।इसी क्रम में भानपुरा दरवाजा स्थित चमत्कारिक वीर हनुमान मंदिर परिसर में एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन देखने को मिला, जहां भगवान श्रीराम दरबार एवं शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे स्थानीय जगदीश मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे नगर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। कलश यात्रा वीर हनुमान मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम दरबार और शिव परिवार की प्रतिमाओं की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। यह दृश्य भक्तों के लिए अत्यंत भावुक और आस्था से परिपूर्ण रहा।

सायंकाल में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित होकर भक्ति में लीन नजर आए। इसके बाद विशाल भंडारे एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ बस स्टैंड स्थित बालाजी धाम में भी भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जहां भक्तों ने हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के सभी हनुमान मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे पूरा रामपुरा दीपों की तरह जगमगाता नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
