BIG NEWS: जनता के पैसों से खरीदा जिम बना कबाड़, जीरन नगर परिषद में सड़ रहे लाखों के उपकरण, चोरी से गायब हुआ सामान, CCTV के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल, पढ़े खबर
जीरन। युवाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए जिम उपकरण आज जीरन नगर परिषद की घोर लापरवाही के कारण कबाड़ बनते जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जनता के टैक्स के पैसों से खरीदे गए ये उपकरण युवाओं के उपयोग में आने के बजाय वर्षों से नगर परिषद कार्यालय परिसर में पड़े-पड़े सड़ रहे हैं।

मामला सिर्फ रखरखाव की कमी तक सीमित नहीं है, बल्कि अब यह गंभीर लापरवाही और अनियमितताओं की ओर इशारा कर रहा है। नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता के चलते यहां रखे कई कीमती जिम उपकरण चोरी हो चुके हैं। जो सामान बचा है, वह भी खुले आसमान के नीचे धूप और बारिश की मार झेलते हुए जर्जर हो चुका है और अब उपयोग के काबिल नहीं रहा। नगर परिषद परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी का दावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद भारी-भरकम जिम उपकरणों का गायब होना कई सवाल खड़े करता है।

आखिर इतनी सुरक्षा के बीच यह सामान कैसे चोरी हो गया? क्या यह सिर्फ बाहरी लोगों की करतूत है या फिर अंदरूनी मिलीभगत से सरकारी संपत्ति को ठिकाने लगाया गया? यह पूरा मामला न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा,
