NEWS : नीमच में मारु ओदीच्य जोधपुरा ब्राह्मण समाज की एकता का महाउत्सव, भव्य समाजर्पण में गूंजा गौरव, विधायक ने दी लाखों की सौगात, धर्मशाला और सड़क निर्माण की बड़ी घोषणा, पढ़े खबर
नीमच। श्री मारु ओदीच्य जोधपुरा ब्राह्मण समाज, नीमच द्वारा वार्ड क्रमांक 1 स्थित श्री जमुनिया बालाजी रोड पर समाज की भूमि पर निर्मित बाउंड्रीवॉल एवं मुख्य द्वार का भव्य समाजर्पण समारोह हर्षोल्लास, श्रद्धा और सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार रहे, जिनके करकमलों से समाजर्पण संपन्न हुआ। यह निर्माण कार्य समाज के संगठित प्रयासों एवं विकासशील सोच का प्रतीक बनकर उभरा है, जिसे समाज के गौरवपूर्ण भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और मील का पत्थर माना जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के अध्यक्ष श्री संजय शर्मा एवं वरिष्ठजनों द्वारा मुख्य द्वार के विधिवत पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित समाजजनों ने एकजुटता के साथ सहभागिता निभाते हुए निर्माण कार्य की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बाउंड्रीवॉल निर्माण से समाज की अमूल्य संपत्ति सुरक्षित रहेगी और भविष्य में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन संभव हो सकेगा। अब समाज की भूमि पर विभिन्न आयोजन बेहतर ढंग से किए जा सकेंगे।कार्यक्रम का संचालन श्री सिद्धूलाल पुरोहित द्वारा प्रभावशाली रूप से किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन श्री राजेंद्र शर्मा ने व्यक्त किया।

समारोह के दौरान विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने समाज को बड़ी सौगात देते हुए—धर्मशाला निर्माण हेतु 15 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की धर्मशाला स्थल तक पहुंच के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से 1 किलोमीटर सड़क निर्माण का ऐलान किया उन्होंने समाज को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी धर्मशाला निर्माण एवं विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस पर समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में समाज के मार्गदर्शक मंडल एवं वरिष्ठजन जैसे श्री विजयशंकर शर्मा, श्री अवंतीलाल शर्मा, श्री श्यामप्रसाद शर्मा, श्री दरबारीलाल शर्मा, श्री रघुवीर शर्मा, श्री विनोद शर्मा, श्री सुरेश शर्मा, श्री देवकरण शर्मा, श्री दिलीप शर्मा, श्री प्रहलाद शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इसके अलावा अध्यक्ष श्री संजय शर्मा, सचिव श्री राजेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री सिद्धूलाल पुरोहित, सह-कोषाध्यक्ष श्री मनोहरलाल शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिनेशचंद शर्मा एवं श्री उमेश शर्मा, सहसचिव श्री शिवप्रसाद शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

समापन में समाज के पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि आगामी निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समाज के सहयोग से समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाएगा, जिससे समाज को और अधिक सुविधाएं मिल सकें। पूरा आयोजन श्रद्धा, उत्साह, विश्वास और सामाजिक एकता की भावना से ओतप्रोत रहा, जिसने नीमच में मारु समाज की संगठित शक्ति और समरसता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की।