NEWS: संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र बचाने के लिए गांधी भवन में उमड़ा कांग्रेस का सैलाब, सैकड़ों अजा कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, पढ़े खबर

NEWS: संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र बचाने के लिए गांधी भवन में उमड़ा कांग्रेस का सैलाब, सैकड़ों अजा कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, पढ़े खबर

नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग, नीमच के तत्वावधान में मंगलवार को गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में संविधान, आरक्षण एवं लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि संविधान के खिलाफ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अजा कार्यकर्ता संगठित हैं, इसलिए सुरक्षित हैं। संविधान में यदि आंशिक परिवर्तन होता है तो उसके व्यापक परिणाम हो सकते हैं। संविधान की शक्ति के बिना सच्चा लोकतंत्र नहीं हो सकता।

अहिरवार ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान 1956 में भू-राजस्व संहिता का अधिकार दिया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में मध्य प्रदेश के किसानों को पट्टे प्रदान किए गए, जिससे किसानों ने खेती-बाड़ी कर अपने बच्चों को उच्च अधिकारी बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकारी टेंडरों में आरक्षण प्रदान किया था, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया। छुआछूत की घटनाएं आज भी सामने आ रही हैं और आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि यदि अनुसूचित वर्ग पर अत्याचार होता है तो कांग्रेस संगठन उसके सहयोग और संघर्ष के लिए तैयार है। कार्यकर्ताओं को संगठित होकर भाजपा सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने तथा कांग्रेस की नीतियों से लोगों को अवगत कराने का आह्वान किया।

अहिरवार ने कहा कि इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों से जुड़े कार्यक्रम की गूंज देशभर में सुनाई दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी हर वर्ग के लिए जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने लोगों को जीवन जीने का अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा का मार्ग दिया। राहुल गांधी पूरे देश में संविधान लेकर यात्रा कर रहे हैं। सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान के अधिकारों का पालन आवश्यक है।

बाहेती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच आगमन के दौरान अपने निवास पर पुलिस बल तैनात किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कांग्रेस कार्यकर्ता की ताकत है। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर कांग्रेस ने लोकतंत्र की रक्षा की है। यदि विपक्ष विरोध प्रदर्शन नहीं करेगा तो विरोध कौन करेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर संवैधानिक नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगाए।

अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष राकेश जावरिया ने कहा कि भाजपा सरकार पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने के आरोप लगते रहे हैं तथा आरक्षण समाप्त करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने रखना कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से व्यापारी, किसान, मजदूर और आम जनता परेशान है। उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की परेशानियों का भी उल्लेख किया।

सम्मेलन में महेश वीरवाल, हीरालाल परमार, अनिल चौरसिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में बाबू सलीम, प्रभुलाल चंदेल, बाबूलाल मांगीलाल, सूरज आर्य, रमेश कदम, योगेश प्रजापति, राकेश अहीर, नाथू सिंह राठौड़ भाटखेड़ी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर, जावद ब्लॉक अध्यक्ष महेश वर्मा, सिंगोली ब्लॉक अध्यक्ष राकेश मेघवंशी, जीरन ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश अहिरवार, कुकड़ेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष भागीरथ परमार, रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष श्याम पंवार, मनासा ब्लॉक अध्यक्ष समरथ चौरड़िया, माधवलाल मेघवाल, दौलतराम साल्वी, गुड्डू भाई मालवीय, नानूराम मेघवाल, दिनेश बायड, विनोद अहिरवार, लीलाधर अहिरवार, नागेश्वर राठौर, डॉ. प्रहलाद डांगी, शिवलाल श्रीमाल, मदनलाल मेघवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल आर्य एवं जिला महासचिव किशन जैनवार ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष राकेश जावरिया ने की। विशेष अतिथि के रूप में मंदसौर जिला प्रभारी हीरालाल परमार एवं नीमच जिला प्रभारी महेश वीरवाल उपस्थित रहे