NEWS: जीरन में सेवा सेतु शिविर ने बढ़ाया सौर ऊर्जा का संदेश, 100 उपभोक्ताओं ने समझी ‘सूर्य घर’ योजना, पढ़े खबर
जीरन। सेवा सेतु पर्व के अंतर्गत बुधवार, 24 सितम्बर को तहसील जीरन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने, रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
शिविर में जीरन क्षेत्र के करीब 100 उपभोक्ताओं ने सहभागिता की। अधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने से होने वाले लाभ, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया, अधीक्षण अभियंता रविकांत रंजन, कार्यपालन अभियंता महीप सोनी, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सीतांशु शेखर, डी.सी. प्रभारी राहुल वर्मा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैंक प्रतिनिधियों ने समझाई ऋण सुविधा
शिविर में भारतीय स्टेट बैंक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए उपलब्ध ऋण सुविधा, बैंकिंग प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई।
सोलर वेंडर्स ने दी स्थापना और आवेदन की जानकारी
शिविर में मेसर्स माँ त्रिपुरा, मेसर्स शुभम सोलर एवं मेसर्स एच.के. इंटरप्राइजेस के अधिकृत वेंडर्स ने भी सहभागिता की। वेंडर्स ने उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना, उसकी कार्यप्रणाली, योजना के लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया।
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा सेतु पर्व
बताया गया कि सेवा सेतु पर्व 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य अधिकाधिक उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना से जोड़ना तथा घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
अधिकारियों ने बताया कि रूफटॉप सोलर के माध्यम से उपभोक्ता स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली की खपत में बचत की दिशा में भी कदम बढ़ा सकते हैं। सेवा सेतु शिविरों के जरिए उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र में ही योजना की जानकारी उपलब्ध कराकर इसका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।